पानीपत। हरियाणा में पटवारी और कानूनगो की छह दिन से चल रही हड़ताल के बीच पानीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने इंतकाल दर्ज करने के नाम पर 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले पटवारी और उसके सहायक को 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार पटवारी की पहचान गढ़ी बेसिक निवासी सुभाष के रूप में हुई है, जबकि उसके सहायक की पहचान गांव अधमी निवासी उस्मान के तौर पर हुई है। ACB के अनुसार, शिकायतकर्ता से इंतकाल दर्ज करने के बदले पटवारी ने 35 हजार रुपये की मांग की थी। सौदा 20 हजार रुपये में तय होने के बाद शिकायत ACB तक पहुंची।
बताया जा रहा है कि पटवारी ने हड़ताल का हवाला देते हुए शिकायतकर्ता से कहा था कि भले ही कर्मचारी हड़ताल पर हैं, लेकिन पैसे मिलने पर वह चुपके से काम कर देगा। मंगलवार को हड़ताल में शामिल न होने के सवाल पर उसने कोर्ट में तारीख होने की बात कही थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने जाल बिछाया और जैसे ही पटवारी व उसका सहायक 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते पहुंचे, टीम ने दोनों को मौके पर दबोच लिया। ACB अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


