2 से 3 साल पहले गुम हुए मोबाइल भी मिले, वापस पाकर लोगों ने पुलिस का जताया आभार
पानीपत। रिपोर्ट- प्रवीण भारद्वाज। पानीपत पुलिस की साइबर सेल ने तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई करते हुए 55 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत 14 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इनमें कई ऐसे मोबाइल भी शामिल हैं, जो करीब 2 से 3 साल पहले गुम हुए थे। लंबे इंतजार के बाद फोन वापस मिलने पर मोबाइल मालिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पानीपत पुलिस का आभार जताया।
डीएसपी ने मोबाइल मालिकों को सौंपे फोन
पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण, आईपीएस के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने के लिए लगातार तकनीकी प्रयास किए। मंगलवार को डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे।
डीएसपी विकास कुमार ने बताया कि मोबाइल गुम होने के बाद लोगों ने हर समय पोर्टल और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु और उनकी टीम ने शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग कंपनियों के 55 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
बरामद मोबाइल की कीमत करीब 7 हजार रुपये से लेकर 1.33 लाख रुपये तक है। इनमें कुछ मोबाइल ऐसे भी हैं, जिन्हें उनके मालिक दो से तीन साल पहले गुम होने के बाद वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे।
पिछले महीनों में भी बरामद किए गए सैकड़ों मोबाइल
पानीपत पुलिस की साइबर सेल इससे पहले भी गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंप चुकी है। पुलिस के अनुसार अगस्त में करीब 15 लाख रुपये कीमत के 55, जुलाई में करीब 12 लाख रुपये कीमत के 50 और जून में 11 लाख रुपये से अधिक कीमत के 47 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर वापस किए गए थे।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें शिकायत
डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर इसे लेकर लापरवाही न बरतें। तुरंत CEIR ऑनलाइन पोर्टल या पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस को मोबाइल फोन को ट्रेस करने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि गुम हुआ मोबाइल किसी आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्ति के हाथ लगने पर उसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे में मोबाइल गुम होने की सूचना तुरंत पुलिस को देना जरूरी है। पानीपत पुलिस की साइबर सेल आगे भी तकनीकी माध्यमों से गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने की कार्रवाई जारी रखेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


