प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। शहर के सेक्टर-25 स्थित सोमाया गार्डन में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान एयर कंडीशनर (AC) की तकनीकी खराबी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि फंक्शन में शामिल कुछ लोगों ने गार्डन मालिक के बेटे वत्सल सिंगला के साथ जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो होटल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी गार्डन प्रबंधन पर मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।
AC बंद होने पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सोमाया गार्डन में एक विवाह समारोह आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान हॉल के एयर कंडीशनर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे कुछ समय के लिए कूलिंग प्रभावित हो गई। होटल का तकनीकी स्टाफ खराबी दूर करने में जुटा था, लेकिन इसी दौरान कुछ मेहमान नाराज हो गए।
बताया जा रहा है कि गार्डन मालिक के बेटे वत्सल सिंगला ने लोगों को शांत रहने और जल्द समस्या दूर करने का भरोसा दिलाया, लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया।
15 से 20 लोगों ने किया हमला
आरोप है कि गुस्साए लोगों ने वत्सल सिंगला को घेर लिया और उनके साथ थप्पड़ों, मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान उनकी टी-शर्ट तक फाड़ दी गई। होटल में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई, जिसमें कई लोग एक युवक पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
मारपीट के दौरान होटल में मौजूद बाउंसरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के आगे उनकी भी नहीं चली। घटना के दौरान होटल में तोड़फोड़ किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
कमरे में बंद होकर बचाई जान
होटल कर्मचारियों ने किसी तरह वत्सल सिंगला को हमलावरों के बीच से निकालकर सुरक्षित कमरे में पहुंचाया और दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। आरोप है कि हमलावर काफी देर तक कमरे के बाहर हंगामा करते रहे और दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया।
घटना में घायल वत्सल का मेडिकल कराया गया है और उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दूसरे पक्ष ने लगाए पलटवार के आरोप
वहीं, शादी समारोह की ओर से आए अनुराग ने होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुबह से ही AC ठीक से नहीं चल रहा था। शिकायत करने पर होटल प्रबंधन ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बाउंसरों से बाहर निकालने की धमकी दी। अनुराग का दावा है कि विरोध करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
चांदनीबाग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि डायल-112 पर झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत दी है। पुलिस सभी तथ्यों और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- रायपुर के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: खाना खाते ही 3 बेटियों की मौत; इंदौर से शव लाते समय तीसरी ने रास्ते में तोड़ा दम!
- BJP मुख्यालय में सत्ता और संगठन के बीच तालमेल बैठाने 11 घंटे तक चली मैराथन बैठक, कई जिलों से सामने आई खुलकर नाराजगी
- घोषणा पर सियासी घमासानः सपा के महिलाओं को 40 हजार रुपए देने वाले ऐलान को केशव मौर्य ने बताया छलावा, अखिलेश को लेकर कह दी बड़ी बात
- छपरा: रेवा पुल से संगीत शिक्षक रहस्यमय तरीके से लापता, गंडक नदी में NDRF की टीम कर रही तलाश
- नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन की त्रासदी पर सीएम साय ने जताया दुख, छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी


