पानीपत। हरियाणा के पानीपत में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले 19 वर्षीय छात्र की मौत का मामला सामने आया है। कुलदीप नगर में रहने वाले लक्ष्य का मंगलवार देर रात अपनी गर्लफ्रेंड से मैसेज को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने अपनी बहन को कुछ संदेश भेजे, जिनसे परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। बुधवार सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो लक्ष्य मृत मिला।
जन्मदिन की बधाई देने के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्य ने मंगलवार रात करीब 12 बजे बहादुरगढ़ में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड को जन्मदिन की बधाई दी थी। इसके बाद दोनों के बीच मैसेज को लेकर कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि युवती ने लक्ष्य की दूर के रिश्ते में लगने वाली बहन को संदेश भेजकर उसे समझाने के लिए कहा। इसके बाद बहन ने लक्ष्य को फोन किया और गर्लफ्रेंड को मैसेज नहीं करने की बात समझाई।
बहन को भेजे भावुक संदेश, परिवार को हुई अनहोनी की आशंका
बहन से बातचीत के दौरान लक्ष्य ने कुछ ऐसे संदेश भेजे, जिनसे परिवार चिंतित हो गया। उसने बहन को अलविदा कहने के साथ अगले जन्म में मिलने की बात लिखी थी। उसने अपनी बहन को एक तस्वीर भी भेजी थी, जिसके बाद परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की।
बहन ने उसे शांत रहने और सो जाने के लिए कहा, लेकिन इसके बाद भी लक्ष्य की ओर से भावुक संदेश आते रहे।
सुबह कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा तो मृत मिला छात्र
बुधवार सुबह काफी देर तक लक्ष्य के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इस पर परिवार के सदस्यों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो लक्ष्य मृत अवस्था में मिला।
घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। लक्ष्य कुलदीप नगर के एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था।
मोबाइल में मिली गर्लफ्रेंड के साथ बातचीत
लक्ष्य के भाई यश के मुताबिक, सुबह मोबाइल देखने पर स्नैपचैट और अन्य चैट में गर्लफ्रेंड के साथ हुई बातचीत मिली। इसमें जन्मदिन की बधाई देने के बाद मैसेज को लेकर विवाद और कहासुनी की जानकारी सामने आई।
परिवार में लक्ष्य की मां और छोटा भाई हैं। उसके पिता करीब 15 साल पहले काम के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
मामले की जांच कर रहे अधिकारी रामनिवास ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

