पानीपत। हरियाणा के पानीपत में गुरुवार सुबह एक धागा फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तीनों बच्चियां अपनी मां के साथ फैक्ट्री परिसर में आई हुई थीं और खेलते समय अचानक उन पर धागे के भारी बंडल गिर पड़े।
जानकारी के अनुसार, भैंसवाल रोड स्थित खड़ंजा रोड के पास श्री लक्ष्मी फैक्ट्री के गोदाम में मजदूर रोजाना की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान मजदूरों की तीन बच्चियां गोदाम में खेल रही थीं। खेलते-खेलते वे उस स्थान के पास पहुंच गईं जहां धागे की करीब 500-500 किलोग्राम वजनी गांठें रैक पर रखी हुई थीं। अचानक रैक हिलने से दो भारी बंडल बच्चियों के ऊपर आ गिरे।
हादसे में साढ़े चार वर्षीय प्रयगा और ढाई वर्षीय सोनम गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं पांच वर्षीय रोशनी भी बंडलों की चपेट में आ गई। घटना के बाद गोदाम में अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों और परिजनों ने तुरंत बच्चियों को बाहर निकाला और पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रयगा और सोनम को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार भारी वजन के नीचे दबने से दोनों बच्चियों का दम घुट गया था। वहीं घायल रोशनी का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

मृतक बच्ची प्रयगा की मां मूर्ति ने बताया कि उन्होंने हाल ही में बेटी का नर्सरी में दाखिला करवाया था। घर पर बच्चों की देखभाल करने वाला कोई नहीं था, इसलिए वह उन्हें अपने साथ फैक्ट्री लेकर आई थीं। हादसे के बाद परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
- MP सरकार की बड़ी कार्रवाई: पैराक्वेट डाइक्लोराइड के उपयोग पर लगाया बैन, मानव और पशुओं के लिए है खतरनाक
- Bank Holidays: 15 से 31 अक्टूबर के बीच 10 दिन बैंक बंद रहेंगे, देखें पूरी लिस्ट
- नेशनल हाईवे पर पलटा दूध से भरा टैंकर: मची लूट, ग्रामीण बर्तनों में भर-भरकर ले गए दूध
- आजम खान नई मुसीबत में! जौहर यूनिवर्सिटी में 416 करोड़ के खर्च का हिसाब गायब, FIR दर्ज
- जंतर-मंतर प्रदर्शन विवाद: ACP विवेक भगत की शिकायत पर, रोजी-अभिजीत दीपके समेत 6 के खिलाफ FIR

