पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले के खोतपुरा गांव में एक दो साल की मासूम बच्ची की बीमारी के कारण मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान सीमा देवी के रूप में हुई है। बच्ची की मौत के बाद उसकी मां मिथलेश देवी और मामा प्रवेश अपनी ही बेटी के शव को लेकर जिला नागरिक अस्पताल के शव गृह पहुंचे और पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। परिजनों का कहना है कि वे ससुराल पक्ष द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के डर से खुद पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे हैं।
पति की मौत के बाद से चल रहा था विवाद
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत स्थित कल्याणपुर के रहने वाले और हाल में खोतपुरा में रह रहे प्रवेश ने पूरे मामले की जानकारी दी। प्रवेश ने बताया कि उनकी बहन मिथलेश देवी की शादी रामनिवास के साथ हुई थी। उनके तीन बच्चे थे—बड़ा सात साल का बेटा मनराज, चार साल का बेटा रोहित और दो साल की बेटी सीमा। करीब दो साल पहले मिथलेश के पति रामनिवास की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद ससुराल पक्ष द्वारा मिथलेश को प्रताड़ित किया जाने लगा, जिसके बाद वह अपने बच्चों को लेकर पानीपत में अपने भाई के पास रहने आ गई थी।
बीमारी से हुई मौत, दादा-दादी ने ठहराया जिम्मेदार
पानीपत में रहने के दौरान दो साल की मासूम सीमा काफी समय से बीमार चल रही थी। बीमारी के कारण ही उसकी मौत हुई। जब मिथलेश और उसके भाई ने बच्ची की मौत की सूचना उसके दादा-दादी और चाचा को दी, तो उन्होंने उल्टा मिथलेश और उसके भाई प्रवेश पर ही बच्ची की मौत का जिम्मेदार होने का आरोप लगा दिया। ससुराल वालों ने पुलिस में शिकायत देकर झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही।
50 हजार रुपए मांगने और झूठे केस का डर
मामा प्रवेश का आरोप है कि बच्ची के दादा-दादी और अन्य रिश्तेदार उनसे 50 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। रुपए न देने पर उन्हें पुलिस शिकायत देकर झूठे केस में फंसाने का डर दिखाया जा रहा है। इसी डर और पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए मां मिथलेश और मामा प्रवेश खुद ही मृत बच्ची के शव को लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे ताकि पोस्टमॉर्टम के जरिए मौत की असली वजह साफ हो सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


