पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में अमेरिका भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और युवक की जान जोखिम में डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ट्रैवल एजेंट ने युवक को 10 दिन के भीतर हवाई जहाज से अमेरिका भेजने का भरोसा देकर उससे और उसके परिवार से कुल 20.75 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद उसे वैध तरीके से भेजने के बजाय अवैध डंकी रूट के जरिए जंगलों और पहाड़ों से होकर मेक्सिको सीमा तक पहुंचाया गया, जहां से दीवार पार कर अमेरिका में दाखिल कराया गया। अमेरिकी पुलिस ने युवक को अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और करीब 11 महीने जेल में रहने के बाद उसे भारत डिपोर्ट कर दिया।

पुलिस के अनुसार, पानीपत पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी ट्रैवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

10 दिन में अमेरिका भेजने का दिया था भरोसा

समालखा के गांव मनाना निवासी निशांत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात एक रिश्तेदार के माध्यम से सेक्टर-18 निवासी कथित ट्रैवल एजेंट नरेश कुमार से हुई थी। एजेंट ने दावा किया कि वह किसी अवैध रास्ते से नहीं बल्कि सीधे हवाई जहाज के जरिए 10 दिनों में अमेरिका भेज देगा। साथ ही वहां नौकरी, स्थायी निवास (पीआर) और अच्छी सैलरी दिलाने का भी भरोसा दिया।

पीड़ित परिवार ने एजेंट की बातों पर विश्वास कर अलग-अलग किस्तों में कुल 20 लाख 75 हजार रुपये दे दिए।

डंकी रूट से भेजा, रास्ते में मारपीट और धमकियां

शिकायत के मुताबिक, एजेंट ने अपने वादे के विपरीत युवक को डंकी रूट से भेज दिया। यात्रा के दौरान उसे कई देशों के जंगलों और पहाड़ी इलाकों से पैदल गुजरना पड़ा। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई, पैसे छीन लिए गए और विरोध करने पर जंगल में छोड़ देने तथा जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।

मेक्सिको बॉर्डर से अवैध एंट्री, 11 महीने जेल

पीड़ित का आरोप है कि 25 अगस्त 2024 को एजेंट के साथियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि किसी से संपर्क न हो सके। इसके बाद मेक्सिको-अमेरिका सीमा पर दीवार पार कर उसे जबरन अमेरिका में प्रवेश कराया गया। सीमा पार करते ही अमेरिकी अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। करीब 11 महीने जेल में रहने के बाद 5 जुलाई 2025 को उसे भारत डिपोर्ट कर दिया गया।

जेल से छुड़ाने के नाम पर भी वसूले पैसे

परिजनों का आरोप है कि युवक के जेल में रहने के दौरान भी आरोपी एजेंट ने उसे छुड़ाने का झांसा देकर 1.15 लाख रुपये और ले लिए। इसके बावजूद युवक को कोई राहत नहीं मिली और अंततः उसे भारत वापस भेज दिया गया।

पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

भारत लौटने के बाद जब परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहा कि वह पहले भी कई लोगों को रास्ते से हटवा चुका है। इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर कुछ बदमाशों को पीड़ित के घर भेजकर 12 लाख रुपये और देने का दबाव भी बनाया।

पीड़ित ने पुलिस को बैंक लेन-देन का रिकॉर्ड और बातचीत की रिकॉर्डिंग वाली पेन ड्राइव भी सौंपी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।