अंबाला। पंजोखरा साहिब में IAKTF के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरसिमरन मंड के साथ कथित मारपीट और उनकी गाड़ी पर हमले का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। पुलिस द्वारा दो युवकों को हिरासत में लिए जाने के बाद सिख समाज के लोगों ने पंजोखरा थाना घेर लिया और थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और सिख समाज के प्रतिनिधियों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान HSGMC के उपप्रधान गुरबीर सिंह और किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी भी मौजूद रहे। दोनों पक्षों ने घटनाक्रम को लेकर अपनी-अपनी बात पुलिस के सामने रखी।

काफी देर चली बातचीत के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों युवकों को साक्ष्यों के अभाव में छोड़ दिया। इसके बाद मामले में एक नया विवाद सामने आ गया। सिख समाज की ओर से मांग उठाई गई कि दो दिन पहले पंजोखरा में हुए घटनाक्रम को लेकर गुरसिमरन मंड के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाए।
पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया कि घायल युवक के बयान दर्ज किए जाएंगे और उसके बयानों के आधार पर FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। मामले को लेकर पंजोखरा में तनावपूर्ण स्थिति के बीच पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


