इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। उफान पर आई किलकिला नदी का पानी धाम मोहल्ला के निचले इलाकों और खेतों में तेजी से घुस गया, जिससे पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि मकान डूब गए और खेत तालाब में तब्दील हो गए। बाढ़ के बीच फंसे कुशवाहा परिवार के सदस्यों सहित कुल 12 लोगों ने पूरी रात अपने मकानों की छतों पर भुखमरी और खौफ के साए में काटी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला हरकत में आया। SDRF, सिविल डिफेंस और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। नदी के विकराल बहाव और पानी में छिपे कटीले तारों के कारण रेस्क्यू बोट चलाने में गंभीर खतरे थे। बोट के प्रोपेलर में कचरा और तार फंसने का जोखिम बना रहा, लेकिन जवानों ने अपनी जान पर खेलकर सभी 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ये भी पढ़ें: सतना में भाजपा कार्यालय में घुसा पानी: तीन घंटे में 56 मिमी बारिश, सड़कें हुईं जलमग्न
एसपी निवेदिता नायडू ने बताया कि किलकिला नदी के ओवरफ्लो होने से निचले इलाकों में जलभराव हुआ था। पानी के तेज बहाव और कंटीले तारों के कारण रेस्क्यू बहुत चुनौतीपूर्ण था। SDRF और पुलिस टीम के बेहतर तालमेल से सभी 12 लोगों को सकुशल निकाल लिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



