सोशल मीडिया पर पन्ना के हीरों की जानकारी मिलने के बाद झांसी के राजकुमार श्रीवास और गुड्डी देवी ने सरकोहा क्षेत्र में खदान ली थी. करीब छह महीने की मेहनत के बाद उन्हें 5.16 कैरेट वजन के चार हीरे मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है.

झांसी. सोशल मीडिया पर पन्ना में हीरे मिलने की जानकारी देखने के बाद झांसी के एक दंपती ने यहां खदान लेने का फैसला किया. राजकुमार श्रीवास अपनी पत्नी गुड्डी देवी के साथ पन्ना के सरकोहा क्षेत्र पहुंचे और निजी खदान लेकर हीरे की तलाश शुरू की.

करीब छह महीने की मेहनत के बाद उनकी तलाश रंग लाई और गुड्डी देवी को एक साथ चार हीरे मिले. इन चारों हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट है, जबकि इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है.

चारों हीरों का वजन

हीरा पारखी अनुपम सिंह के मुताबिक, गुड्डी देवी को मिले चार हीरों में दो उज्ज्वल किस्म के हैं. इनमें एक का वजन 1.62 कैरेट और दूसरे का वजन 1.29 कैरेट है.

इसके अलावा दो हीरे मटमैली किस्म के बताए गए हैं. इनका वजन 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट है. चारों हीरों को मिलाकर कुल वजन 5.16 कैरेट है.

हीरा कार्यालय में जमा

चार हीरे मिलने के बाद गुड्डी देवी शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त कलेक्टरेट के हीरा कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने चारों हीरों को तौलने के बाद नियमानुसार कार्यालय में जमा करा दिया.

उज्ज्वल किस्म के हीरों की बाजार में मांग और कीमत अधिक होने की बात बताई गई है. अब इन हीरों को आगामी हीरा नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा.

नीलामी से तय होगी कीमत

हीरों की वास्तविक बिक्री कीमत नीलामी के दौरान लगने वाली अधिकतम बोली से तय होगी. नीलामी की राशि में से निर्धारित रॉयल्टी काटने के बाद बची रकम हीरा धारक को दी जाएगी.

राजकुमार और गुड्डी देवी ने बताया कि नीलामी से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल वे अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए करेंगे.