इदरीश मोहम्मद, पन्ना। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच पवई के सुनादर हार में खेत में बोई गई तिली की फसल देखने गए किसान के सामने उस समय मुसीबत खड़ी हो गई, जब पतने नदी का पानी अचानक बढ़ने लगा। देखते ही देखते किसान का खेत चारों तरफ से पानी से घिर गया और वह नदी के बीच खेत में बने टापू पर फंसकर रह गए। पवई के वार्ड नंबर 15 निवासी कल्लू नगायच पिता बाबूलाल नगायच बुधवार दोपहर सुनादर हार स्थित अपने खेत में तिली की फसल देखने पहुंचे थे। खेत में कुछ समय रुकने के बाद जब वे वापस घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी लगातार बारिश के चलते पतने नदी का बहाव बढ़ गया। खेत के दोनों ओर से पानी आने के कारण रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। पानी का बहाव तेज होने से किसान के लिए नदी पार कर वापस लौटना जोखिम भरा हो गया।

READ MORE: उफनती नदी के बीच स्कूल की राह, एक-दूसरे का हाथ थाम नदी पार कर रहीं छात्राएं

कल्लू नगायच के शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी जानकारी लेने की कोशिश की। संपर्क करने पर पता चला कि वे पतने नदी के बीच अपने खेत में फंसे हुए हैं और चारों तरफ बाढ़ का पानी है। यह जानकारी मिलते ही परिजनों की चिंता बढ़ गई। किसान के बेटे अंशुल नगायच ने तत्काल SDERF टीम को सूचना दी और मदद की गुहार लगाई।  सूचना मिलते ही SDERF की टीम बिना देर किए सुनादर हार पहुंची। नदी में बढ़े पानी और तेज बहाव के बीच टीम ने स्थिति का जायजा लिया और रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने किसान कल्लू नगायच को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 

READ MORE: 1 KM की सड़क के लिए तरस रहे 100 मासूम! शहडोल में बच्चों का वायरल वीडियो देख सकते में आया प्रशासन

किसान के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। बारिश के बीच समय रहते सूचना मिलने और SDERF टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर किसान को सुरक्षित निकालने की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते भी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में लोगों से नदी-नालों के बढ़े जलस्तर के दौरान जोखिम उठाकर उन्हें पार नहीं करने की अपील की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m