इदरीश मोहम्मद, पन्ना। पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत मझगांव बांध परियोजना में पूर्ण मुआवजे और पुनर्वास की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन उग्र हो गया है। आंदोलन स्थल पर अचानक पन्ना जिले के कई थानों की 200 से 250 पुलिस बल ने दबिश देकर सत्याग्रह की अगुवाई कर रहीं दिव्या अहिरवार और हिसाबी राजपूत को हिरासत में ले लिया।

​इस कार्रवाई का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस पर महिला नेताओं को बर्बरतापूर्वक घसीटने का आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर हुए पुलिस लाठीचार्ज में कुछ महिलाएं घायल हो गईं, जिसके आक्रोश में ग्रामीणों ने रात में ही हनुमतपुर चौकी का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की।

ये भी पढ़ें: पन्ना में बिना मुआवजे ढहा दिए आशियाने! जलमग्न गांवों के बीच ग्रामीणों का सत्याग्रह जारी, बैंक खातों में पैसे आने तक डटे

इस पूरे मामले में अजयगढ़ थाना प्रभारी हरी सिंह ठाकुर के अनुसार, गिरफ्तार दिव्या अहिरवार और हिसाबी राजपूत के खिलाफ छतरपुर के किशनगढ़ थाने में धारा 307 (हत्या का प्रयास) समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे काफी समय से फरार चल रही थीं। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान भीड़ ने आरोपियों को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमले की कोशिश की।

हालांकि इस दौरान आंदोलनकारी ने वीडियो जारी कर पुलिस के साथ बिना वर्दी में भी हाथों में डंडे लेकर कुछ लोगो का पुलिस के साथ शामिल होने का भी आरोप लगाए। फिलहाल ​क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, लेकिन ग्रामीण बिना पूर्ण मुआवजे के पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m