गोहाना | देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 के परिणाम घोषित हो गए हैं। इस बार हरियाणा के गोहाना निवासी पांशुल बंसल ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। पांशुल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर ऑल इंडिया टॉप किया और हरियाणा का गौरव बढ़ाया।
पांशुल की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अनुशासित पढ़ाई को दिया।
शानदार शैक्षणिक रिकॉर्ड
NEET-UG 2026: 715/720 अंक (ऑल इंडिया टॉपर)
12वीं: समरफील्ड्स स्कूल, ग्रेटर कैलाश – 94%
10वीं: डीपीएस फरीदाबाद – 94%
8वीं कक्षा में तय किया था डॉक्टर बनने का सपना
पांशुल ने बताया कि उन्होंने आठवीं कक्षा में ही डॉक्टर बनने का लक्ष्य तय कर लिया था। इसके बाद विज्ञान के विषयों की मजबूत तैयारी शुरू की और 11वीं से एलन, लाजपत नगर में कोचिंग लेकर नियमित अभ्यास किया।
माता-पिता बने सबसे बड़े मार्गदर्शक
पांशुल के पिता संजीव कुमार बंसल स्टील उद्योग से जुड़े हैं, जबकि उनकी मां मोनिका बंसल इंडियन एक्सप्रेस में कंपनी सेक्रेटरी हैं। उन्होंने बताया कि पिता से फिजिक्स और मां से अन्य विषयों में लगातार मार्गदर्शन मिलता रहा।
सफलता का मंत्र
पांशुल के अनुसार NEET जैसी परीक्षा में सफलता के लिए खुद पर विश्वास रखें,नियमित टाइम-टेबल के अनुसार पढ़ाई करें,पुराने प्रश्नपत्र हल करें,कॉन्सेप्ट मजबूत रखें,परीक्षा के तनाव पर नियंत्रण रखना सीखें।उन्होंने कहा कि कोचिंग के दौरान मॉक टेस्ट और एग्जाम प्रेशर को संभालने की तैयारी ने उन्हें वास्तविक परीक्षा में काफी मदद की।
बधाइयों का तांता
परिणाम घोषित होने के बाद पांशुल बंसल को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। उनकी सफलता लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। हरियाणा के साथ-साथ पूरे देश में उनकी उपलब्धि की चर्चा हो रही है।

