Bihar Politics: झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार के बाद बिहार की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। दरअसल कांग्रेस समर्थित पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने चुनाव में हुए क्रॉस वोटिंग को लेकर राजद पर तीखा हमला बोला है। इसके साथ ही उन्होंने महागठबंधन की एकता पर भी सवाल उठाया है।
‘राजनीति में दिख रही अहंकार की झलक’
सांसद पप्पू यादव ने अपने एक बयान में कहा कि, बिहार और झारखंड की राजनीति में अहंकार की झलक दिख रही है। कुछ नेता दही-चूड़ा खाकर नतमस्तक होने की राजनीति कर रहे हैं। जमीनी संघर्ष और विचारधारा से दूरी बनती जा रही है। पप्पू यादव यादव ने इस दौरान खुलकर किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उनका यह तंज तेजस्वी यादव के लिए माना जा रहा है।
‘गठबंधन को स्पष्ट व मजबूत नेतृत्व की जरूरत’
पप्पू यादव ने आगे कहा कि, कुछ राजनीतिक दल और नेता अब संघर्ष की बजाय सुविधा और समझौते की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, गठबंधन को मजबूत बनाए रखने के लिए स्पष्ट और मजबूत नेतृत्व जरूरी है, न कि अवसरवादी राजनीति की। सांसद ने कहा कि, ऐसे नेतृत्व को गठबंधन में बनाए रखने पर पुनर्विचार होना चाहिए, जो “लोक-लाज और जमीनी राजनीति” से दूर हो चुका है।
कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को मिली हार
बता दें कि हालही में हुए झारखंड राज्यसभा चुनाव में INDIA गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। दरअसल भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज की है, जबकि JMM के बैद्यनाथ राम भी निर्वाचित हुए। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा।
नाथवानी को 28, बैद्यनाथ राम को 31 और प्रणव झा को 19 वोट मिले, जबकि 3 वोट अवैध घोषित किए गए। राजद समेत अन्य विपक्षी दलों का मानना है कि कांग्रेस ने 4 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। वहीं, कांग्रेस के नेता राजद और वामदल पर धोखा देने का आरोप लगा रहे हैं।
बिहार राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों ने नहीं किया था मतदान
गौरतलब है कि इससे पहले बिहार में भी हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान कुछ ऐसी सियासत देखने को मिली थी, जब राजद से महागठबंधन के उम्मीदवार एडी सिंह के पक्ष में मतदान करने के लिए कांग्रेस के तीन विधायक विधानमंडल ही नहीं पहुंचे थे। इतना ही नहीं चुनाव के बाद उन्होंने मीडिया के सामने खुलकर यह कहा कि मतदान के लिए उन्हें उनके नेतृत्व से कोई निर्देश नहीं मिला था और उन्हें महागठबंधन का उम्मीदवार भी नहीं पसंद था। वोट नहीं करने वालों में राजद के भी एक विधायक शामिल थे।
ये भी पढ़ें- गुरु नानक देव को लेकर अशोक चौधरी ने दिया विवादित बयान, राजद बोली- नाक रगड़कर मांगनी चाहिए माफी

