Pappu Yadav: राम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव ने बिना नाम लिए पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर जमकर निशाना साधा है। कानपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान जब पप्पू यादव से उनके द्वारा किसी पर्ची वाले बाबा के जिक्र के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि, उसको कैसे पता नहीं चला? मर जाओ सनातन के लिए मरते काहे नहीं हो… सनातन को बचाओ… गांव-गांव में हम मूर्ति बनवा देंगे।
‘जिन्होंने भगवान को नहीं छोड़ा, वे हमें क्या छोड़ेंगे’
गौरतलब है की राम मंदिर में हुई चंदा चोरी के मामले में धीरेंद्र शास्त्री से कई बार सवाल किया गया और लोगों ने उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया, जिसपर उन्होंने कहा था कि, पूरे देश में यह बात चलाई गई कि बागेश्वर बाबा चुप हैं, कुछ नहीं बोल रहे। अब क्या ही बोलें? जिन्होंने भगवान को नहीं छोड़ा, वे हमें क्या खाक छोड़ेंगे। साथ ही उन्होंने भारत के कानून को मकड़ी के जाले की तरह बताया और कहा कि, भारी (बड़े लोग) चीजें निकल जाती हैं और छोटी (सामान्य लोग) फंस जाती हैं।
सरकार से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
दरअसल पप्पू यादव आज शुक्रवार (10, जुलाई) को कानपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने तिलक हॉल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
प्रशांत किशोर को बताया हवा-हवाई
वहीं, बांकीपुर से उपचुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर को लेकर भी पप्पू यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पीके को हवा-हवाई बताया और कहा कि, सोशल मीडिया से चुनाव नहीं होता है। इन्होंने संघर्ष नहीं किया है। दर्द का पता नहीं है। वहीं, एक सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि, जो लड़ाई है वो चोरी-भ्रष्टाचार और देश को गुलाम बनाने वाले लोगों से है। कर्ज लेकर भारत को बेचने वालों से है, भगवान को बेचने वालों से है।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव बढ़ी में BJP की ताकत, सुभासपा ने अभिषेक सिन्हा के समर्थन का किया ऐलान

