Pappu Yadav: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव आज शुक्रवार (3 अप्रैल) को नालंदा पहुंचे, जहां उन्होंने नूरसराय की पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने पीड़िता के पति से बिहार में ही रहकर काम करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित के परिजनों को 50 हजार की आर्थिक सहायता भी की।

परिजनों को दी 50 हजार की आर्थिक मदद

मुलाकात के बाद पप्पू यादव ने कहा कि, पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर हमने दुख जाहिर किया है। हमने 50,000 की आर्थिक मदद दी और पीड़िता के पति से कहा कि, वे गांव में ही रहकर कोई रोजगार करें। मजदूरी करने के लिए वह बिहार से बाहर नहीं जाएं। सांसद ने इस घटना को बेहद ही शर्मनाक और चिंताजनक बताया और कहा कि, इस घटना ने बिहार की छवि को धूमिल किया है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट हो गया कि समाज में कितने वहशी हैं।

लोकसभा में भी उठाया था मुद्दा

पप्पू यादव ने आगे कहा कि, हम शासन और प्रशासन से अपील करते हैं वे दोषियों पर स्पीडी ट्रायल के जरिए सख्त कार्रवाई करें। बता दें कि सांसद पप्पू यादव ने कल लोकसभा में भी इस मामले को उठाया था। सदन में उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कहा था कि, नालंदा में महिला को अर्धनग्न कर सड़कों पर घसीटा गया, जो मणिपुर की घटना की याद दिलाता है।

पप्पू यादव ने कहा कि, उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। आरोपियों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दिनदहाड़े इस तरह की घटना बिहार की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। सांसद ने नालंदा घटना, नीट छात्रा मौत केस और यौन अपराधों से जुड़े अन्य गंभीर मामलों में तुरंत सुनवाई कर दोषियों को कड़ी से कड़ी और फांसी तक की सजा देने की मांग की है।

राशन का सामान लेने गई थी महिला

पूरी घटना बीते 26 मार्च की बताई जा रही है, जब पीड़ित महिला घर का सामान लाने के लिए पास के किराने के दुकान पर गई हुई थी। दुकान से लौटते समय रास्ते में कुछ मनचलों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और उसके साथ न सिर्फ अश्लील हरकत की बल्कि इसका वीडियो भी बनाया, सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि इस बात को लेकर युवकों में जरा सा भी पछतावा नहीं है। वहीं, दूसरी ओर बेबस महिला उनके चुंगल से छुटने का प्रयास करती हुई नजर आ रही है। वह चिल्लाती रही और उनसे लड़ते हुए अपनी इज्जत बचाती रही, लेकिन इस दौरान वहां मौजूद किसी ने भी उसकी मदद नहीं की।

मुख्य आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

पीड़िता ने इस मामले में 27 मार्च को प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसे संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने घटना में शामिल दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस बीच आरोपियों ने महिला के साथ हुई बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसे लेकर अब सियासी माहौल भी गरमाता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य आरोपी रविकांत ने कल गुरुवार की शाम जिला एंव सत्र न्यायालय में सरेंडर किया था।

ये भी पढ़ें- शादी के महज 40 दिन बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने किया सुसाइड, पति पर दहेज का आरोप