योगेश पाराशर, मुरैना। मोहनपुर गांव में गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान कराहल क्षेत्र के निवासी 28 वर्षीय आदिवासी युवक राम पट्टे में उलझकर मशीन से कट गया। हृदय विदारक घटना में श्रमिक युवक का कमर से ऊपर का पूरा हिस्सा मशीन के ब्लेड से बुरी तरह कतर गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को मृतक युवक के दो पैर ही सुपुर्दगी में मिल सके। चिन्नौनी पुलिस ने युवक की मौत से जुड़े कारणों की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कराहल क्षेत्र के कुड़ गांव के आदिवासी श्रमिक गेहूं की कटाई के लिए मोहनपुर गांव में आए हुए हैं। कल्ला सिकरवार के खेत के गेहूं की कटाई के बाद श्रमिक राम 28 पुत्र धन्नाराम गेहूं के पूरों को थ्रेसर में डाल रहा था। तभी अचानक उसके हाथ का कड़ा थ्रेसर के पट्टे में उलझ गया, जिससे राम आदिवासी के शरीर का ऊपर का हिस्सा अगले पल थ्रेसर के ब्लेड के बीच पहुंच गया।
थ्रेसर के ब्लेड ने श्रमिक युवक राम के कमर से ऊपर के हिस्से को काटकर क्षत-विक्षत कर दिया। श्रमिक युवक को उपचार की आस में जिला अस्पताल मुरैना ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। चिन्नौनी पुलिस ने मृतक युवक का पीएम कराने के बाद मृतक के दो पैरों को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

