Pappu Yadav: संसद परिसर में भगवा वस्त्र पहनकर राम मंदिर में हुई कथित दान चोरी मामले में प्रदर्शन करने को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की मु्श्किलें कम होती नहीं दिख रही है। दिल्ली से लेकर यूपी तक सांसद पप्पू यादव और राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। हिंदू संगठनों और साधु संतों ने इस संबंध में उनकी सांसदी को रद्द करने की भी मांग की है। वहीं, एनडीए के नेता भी लगातार उनपर हमलावर हैं। इस बीच अपने उपर दर्ज एफआईआर को लेकर पूर्णिया सांसद की प्रतिक्रिया सामने आई है।
हर दिन कफन बांधकर निकलता हूं- पप्पू यादव
पूर्णिया में मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद पप्पू यादव ने कहा कि, क्या मुझे भगवा पहनने का अधिकार नहीं है? उन्होंने कहा कि, FIR से राहुल गांधी कभी नहीं डरे, प्रियंका गांधी कभी नहीं डरी, फिर पप्पू यादव कैसे डर जाएगा? उन्होंने कहा कि, सनातन और भगवान के साथ गद्दारी करने वालों के खिलाफ सनातन और भारत के लोगों की आस्था की रक्षा करने के लिए अगर हमें मरना होगा तो, मैं हर दिन कफन बांधकर निकलता हूं।
पप्पू यादव को मार के क्या फायदा?
पप्पू यादव ने यह भी कहा कि, चंदा चोर से ये लोग पूछेंगे नहीं, चंपत राय से पूछेंगे नहीं। हनुमान को नचाया, उस पर बोलेंगे नहीं…पूरा देश के सनातन की चोरी कर लिया। पप्पू यादव को मार के क्या फायदा है? हमको जला कर क्या फायदा है? राहुल गांधी, जो लगातार लड़ रहे हो, सनातन के मुद्दों को लेकर लगातार लड़ रहे हैं। सनातन के विचारों पर हमला, पूरे देश की आस्था पर हमला, 100 करोड़ लोगों की आस्था पर हमला, भगवान के साथ गद्दारी। शंकराचार्य को इन लोगों ने पीटा, तब कोई नहीं बोला। हनुमान जी को नचाया, तब कोई नहीं बोला। क्या ये मेरी संस्कृति नहीं है कि हम भगवा पहनकर संत की आवाज को उंचा करें? आप हमें गाली दे रहे हो..दो, आप हमपर गोली चला देंगे, मार देंगे।
जानें क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि संसद परिसर में बीते शुक्रवार को राम मंदिर में कथित चंदा चोरी मामले को लेकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र पहनकर पुजारी का भेष धारण किया था। संसद परिसर में वह एक जगह पर भगवान राम की तस्वीर लिए बैठे नजर आए, जबकि उनके पास के दान पेटी भी रखी हुई थी। इस बीच सपा और कांग्रेस के नेता श्रद्धालु बनकर उनके पास पहुंचते हैं और दान पात्र में पैसे डालते हैं। जबकि पुजारी बने पप्पू यादव दान का पैसा अपनी जेब में डालते हुए नजर आए।
ये भी पढ़ें- खुदाई के दौरान मिला था शिवलिंग, अब सावन महीने में हुई भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा


