संसद परिसर में साधु के वेश में पहुंचकर कथित तौर पर ‘चंदा चोरी’ का प्रदर्शन करने वाले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ा विरोध जताया है। दिल्ली और वाराणसी समेत कई शहरों में उनके खिलाफ शिकायतें और FIR दर्ज कराई गई हैं। इस विवाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद का नाम भी शिकायत में शामिल किया गया है।

बांसुरी स्वराज ने लगाया सनातन संस्कृति के अपमान का आरोप

BJP सांसद बांसुरी स्वराज ने नई दिल्ली में DCP कार्यालय पहुंचकर पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद परिसर में किया गया यह प्रदर्शन सनातन संस्कृति और साधु-संतों की परंपरा का उपहास है। बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी और अवधेश प्रसाद पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे प्रदर्शन का समर्थन कर उन्होंने धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।

वाराणसी में FIR, संतों ने जताई नाराजगी

वाराणसी के कोतवाली थाने में संत समाज की शिकायत पर पप्पू यादव के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। संतों का कहना है कि साधु वेश का इस प्रकार राजनीतिक प्रदर्शन में इस्तेमाल करना सनातन परंपरा का अपमान है। दिल्ली के जहांगीरपुरी में भी इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है।

नागपुर और रांची में विरोध प्रदर्शन

महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनके पोस्टर जलाए। वहीं, रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने पप्पू यादव का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया और जमकर नारेबाजी की।

VHP ने बताया अशोभनीय

विश्व हिंदू परिषद के नेताओं ने कहा कि संसद जैसे सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच पर साधु वेश का उपयोग कर इस तरह का प्रदर्शन करना बेहद अशोभनीय और निंदनीय है। संगठन का आरोप है कि इस घटना से सनातन परंपरा और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m