मानसा. मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद पंजाब में विरोध तेज हो गया है. इस मामले को लेकर किसान संगठनों और अन्य जन संगठनों ने आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इसी कड़ी में प्रदर्शनकारियों ने विधायक डॉ. इशांक कुमार के घर के बाहर धरना देकर नारेबाजी की. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग नजर आए. सभी ने झोटा के साथ हुए अन्याय को लेकर आवाज उठाई है. इस दौरान उन्हें ‘लाहनती पत्र’ सौंपे.

आपको बता दें कि परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय निवासी विधायक डॉ. इशांक कुमार के घर के बाहर इक्कठा हुए. प्रदर्शनकारियों ने वहां धरना दिया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार और प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की. मौके पर मौजूद किसान नेता जगतार सिंह भिंडर ने कहा कि परविंदर सिंह झोटा पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था, लेकिन उसकी हत्या के बाद सरकार और उसके प्रतिनिधि मूकदर्शक बने हुए हैं. उन्होंने कहा कि किसान संगठन इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेंगे और जब तक परविंदर सिंह झोटा के परिवार को इंसाफ नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.

झोटा के पिता का आया बयान

इस पूरे मामले में परमिंदर के पिता का बयान आज काफी चर्चा में रहा उन्होंने अमित शाह से मुलाकात को लेकर बयान दिया था. इस बारे में उनका कहना था कि वह अमित शाह से घर में या किसी और जगह में मिलना चाहते हैं. धरना प्रदर्शन वाली जगह नहीं मिलने की उन्होंने अपील की है. अमित शाह को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें केंद्र से ही न्याय की उम्मीद है यही कारण है कि वह एकांत में उनसे मिलकर अपनी आप बीती बताना चाहते हैं.