मानसा. मानसा के नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा से जुड़ी अहम खबर सामने आई है. परविंदर का लंबे इंतजार के बाद आज चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में पोस्टमार्टम हो रहा है. गुरुवार आधी रात करीब 12 बजे उनके शव को एंबुलेंस के जरिए चंडीगढ़ रवाना किया गया. ‘सतनाम वाहेगुरु’ का जाप करते हुए उनके शव को अस्पताल की मोर्चरी से बाहर निकाला गया. इस दौरान बड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई थी.

जानकारी मिली है कि झोटा का परिवार इस दौरान वहां मौजूद था. माहौल बेहद गमगीन था, आधुनिक सुविधाओं से लैस आईसीयू, वेंटिलेटर और फ्रीजर वाली एंबुलेंस में शव को रखकर चंडीगढ़ पीजीआई भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव को मानसा लाने और अंतिम संस्कार को लेकर आगे की प्रक्रिया की जाएगी. अभी इसे लेकर कोई नई जानकारी सामने नहीं आई है.

पिता ने अन्न-जल त्यागा

झोटा हत्याकांड से जुड़ी नई जानकारी यह सामने आई है कि अब परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने एक नई मांग रखकर अन्न-जल त्याग दिया है. उन्होंने कहा कि मैंने सरकार और समिति की बात मान ली है, लेकिन अब अंतिम संस्कार से पहले एसएसपी का तबादला किया जाए. मेरे बेटे की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों में एसएसपी भी शामिल हैं. देखने वाली बात यह है कि इस नई मांग पर सरकार का क्या रुख होता है.