राकेश कथूरिया, कैथल. हरियाणा के खाद्य एवं पूर्ति विभाग के मंत्री राजेश नागर ने कहा कि पर्यावरण का शुद्ध होना हम सभी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए और लगाए गए पौधों की नियमित रूप से देखभाल भी सुनिश्चित करनी चाहिए। कोरोना काल के दौरान सभी ने ऑक्सीजन की आवश्यकता को महसूस किया था। ऐसे में हमें स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना होगा।

मंत्री राजेश नागर शुक्रवार को जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत प्रेमपुरा-रामपुरा गांव में बतौर मुख्यातिथि सरस्वती कंजर्वेशन रिजर्व क्षेत्र में पौधारोपण करने उपरांत संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ विधायक सतपाल जांबा, बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, राव सुरेंद्र सिंह के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद प्रेमपुरा-रामपुरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का ग्रामीणों के साथ लाईव संबोधन भी देखा व सुना।

मंत्री राजेश नागर ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। ये न केवल हमें शुद्ध हवा और ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने, भूजल स्तर को बेहतर करने तथा बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा देश व प्रदेश में हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग के माध्यम से पौधारोपण अभियानों को गति दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से इन अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने गांव को अधिक से अधिक हरा-भरा बनाने का आह्वान किया.