रांची। एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची फ्लाइट में रविवार सुबह एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री को सांस लेने में परेशानी होने पर चालक दल ने तत्काल ऑक्सीजन उपलब्ध कराई, जिसके बाद उसकी स्थिति स्थिर हुई।

फ्लाइट IX 1239 सुबह 8:55 बजे रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरी। यात्री की जांच के बाद उसकी हालत सामान्य और स्थिर पाई गई।

ऑक्सीजन की बोतल आने में लगी देरी

यात्री को ऑक्सीजन दिए जाने के बाद विमान में पर्याप्त ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराना जरूरी था। इसके लिए दिल्ली से दूसरी फ्लाइट के जरिए ऑक्सीजन की बोतलें मंगाई गईं। इस प्रक्रिया के चलते बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट IX 1244 करीब 4 घंटे 16 मिनट की देरी से दोपहर 1:51 बजे रांची से रवाना हुई।

कनेक्टिंग फ्लाइट वाले यात्रियों की बढ़ी परेशानी

लंबी देरी के कारण यात्रियों को रांची एयरपोर्ट पर कई घंटे इंतजार करना पड़ा। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को नाश्ता उपलब्ध कराया गया। वहीं, बेंगलुरु से आगे कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। देरी के कारण पांच यात्रियों ने टिकट का रिफंड करा लिया।

विमान में ऑक्सीजन की होती है व्यवस्था

विमान में यात्रियों के लिए आपात स्थिति में ऑक्सीजन की व्यवस्था रहती है। इसके अलावा कॉकपिट में पायलटों के लिए अलग हाई-प्रेशर ऑक्सीजन सिस्टम और केबिन क्रू के पास पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध रहते हैं।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि यात्री की तबीयत बिगड़ने पर उसे ऑक्सीजन दी गई थी। नियमों के अनुसार विमान में पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध होने के बाद ही उड़ान भरना संभव था, इसलिए दिल्ली से ऑक्सीजन की बोतल मंगाई गई।