पटना। बिहार की राजनीति में दशकों तक केंद्र बिंदु रहा पटना का 10 सर्कुलर रोड बंगला अब अपनी पहचान बदल रहा है। दो दशक तक पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव का आधिकारिक आवास रहे इस बंगले की दीवारों पर अब हरा रंग नहीं बल्कि भगवा रंग नजर आ रहा है। यह बदलाव बंगले के नए आवंटन और प्रशासनिक प्रक्रिया के साथ शुरू हुआ है।

​दो दशक बाद खाली हुआ बंगला

​लगभग 20 वर्षों तक 10 सर्कुलर रोड लालू परिवार की राजनीतिक सक्रियता का मुख्य केंद्र रहा। अब राबड़ी देवी ने सरकारी नियमों के तहत यह बंगला खाली कर दिया है। सरकार ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष (बिहार विधान परिषद) की हैसियत से 39 हार्डिंग रोड का बंगला आवंटित किया है लेकिन फिलहाल राबड़ी देवी अपने कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में शिफ्ट हो गई हैं। चर्चा यह भी है कि भविष्य में परिवार अपने नवनिर्मित महुआ बाग स्थित आवास में स्थायी रूप से रहने जाएगा।

​हरे पर चढ़ा भगवा का रंग

​बंगला खाली होते ही इसके कायाकल्प की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कभी हरे रंग की पहचान रखने वाला यह बंगला अब भगवा रंग में रंगा जा रहा है। मुख्य गेट से लेकर बाहरी दीवारों तक जहां भी पहले हरा रंग था उसे अब भगवा रंग से ढका जा रहा है। यह रंग-रोगन प्रशासनिक मरम्मत कार्य का हिस्सा है लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

​नए मंत्री को मिला आवंटन

​बिहार सरकार ने इस बंगले को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया है। मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य पूरा होने के बाद वे इसमें शिफ्ट हो जाएंगे।

​बंगले पर केंद्रित सियासत

​10 सर्कुलर रोड का इतिहास हमेशा विवादों और सियासत से जुड़ा रहा है। जब सरकार ने राबड़ी देवी से बंगला खाली करने का निर्णय लिया था तब से ही इस पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब बंगले का रंग बदलने को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बहरहाल 20 सालों की राजनीतिक विरासत समेटे यह बंगला अब एक नए दौर और नए रंग-रूप के साथ तैयार हो रहा है।