कुंदन कुमार/पटना। शहर के पॉश इलाके में स्थित 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास इन दिनों बिहार की राजनीति का केंद्र बिंदु बना हुआ है। इस आवास को खाली कराने को लेकर भवन निर्माण विभाग और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच जारी खींचतान अब निर्णायक मोड़ पर है। विभाग ने राबड़ी देवी को तीसरी बार अंतिम नोटिस जारी करते हुए 29 जून तक बंगला खाली करने का स्पष्ट निर्देश दिया है।
नियमानुसार होगा आवास आवंटन: नंदकिशोर यादव
इस चर्चित बंगले का आवंटन वर्तमान में बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री नंदकिशोर यादव के नाम किया गया है। आवास को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने बेहद संतुलित रुख अपनाया है। उन्होंने कहा जो लोग लंबे समय तक एक आवास में रहते हैं, उन्हें अपना सामान समेटने और दूसरी जगह शिफ्ट होने में स्वाभाविक रूप से समय लगता है। यह एक प्रक्रिया है।
मंत्री ने विश्वास जताया कि संबंधित पक्ष प्रशासन द्वारा जारी नोटिस का सम्मान करेगा और नियमानुसार आवास खाली कर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार की जल्दबाजी के बजाय सरकारी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा जब तक आवास पूरी तरह खाली नहीं हो जाता तब तक मेरे शिफ्ट होने का सवाल ही नहीं उठता।
बीता हुआ कल वापस नहीं आता
अपने राजनीतिक सफर पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि राजनीति में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक है। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि जो दौर बीत गया, वह अब वापस नहीं आएगा। एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर विधायक और फिर मंत्री पद तक का अपना सफर बताते हुए उन्होंने कहा मैं भारतीय जनता पार्टी का एक निष्ठावान कार्यकर्ता रहा हूं। पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया और आज मुझे जनता की सेवा करने का जो अवसर मिला है, वह मेरे लिए सौभाग्य की बात है।
आकांक्षाएं और कर्तव्य का संतुलन
अपनी व्यक्तिगत भावनाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की कुछ आकांक्षाएं होती हैं और समय आने पर ईश्वर उन्हें पूरा करता है। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी प्राथमिकताएं व्यक्तिगत आकांक्षाओं से ऊपर उठकर जनसेवा की हैं। फिलहाल, पूरा राजनीतिक गलियारा इस बात पर टिका है कि क्या 29 जून की समय-सीमा के भीतर राबड़ी देवी आवास खाली करती हैं या यह विवाद कानूनी और प्रशासनिक दांव-पेच में और लंबा खिंचेगा। फिलहाल, पटना की सत्ता के गलियारों में यह बंगला एक बड़े शक्ति प्रदर्शन का प्रतीक बन गया है।

