पटना। बिहार की राजधानी पटना के व्यस्त इलाके कदमकुआं में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिनकर गोलंबर के समीप स्थित आर्केड बिजनेस कॉलेज की इमारत से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते कॉलेज परिसर के बाहर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​शॉर्ट-सर्किट बनी आग की वजह

​शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कॉलेज के ऊपरी फ्लोर पर स्थित कंप्यूटर लैब में हुआ। आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है। जैसे ही लैब से काला धुआं उठना शुरू हुआ, कॉलेज प्रशासन और आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

​G+2 स्ट्रक्चर की ऊपरी मंजिल खाक

​कॉलेज की यह इमारत G+2 स्ट्रक्चर (दो मंजिला) की है। आग सबसे ऊपरी मंजिल पर मौजूद कंप्यूटर लैब में लगी थी। इस भीषण अगलगी में लैब के भीतर रखे दर्जनों कंप्यूटर, फर्नीचर, टेबल-कुर्सी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर पूरी तरह राख हो गए हैं। गनीमत यह रही कि आग अन्य हिस्सों में फैलने से पहले ही दमकल विभाग को सूचना दे दी गई।

​दमकल की 3 गाड़ियों ने पाया काबू

​घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए एक के बाद एक दमकल की 3 गाड़ियां तैनात की गईं। फायर फाइटर्स ने काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया और इसे बगल की इमारतों में फैलने से रोका। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कॉलेज प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।