​पटना‌। राजधानी पटना में सोमवार की सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पटना पुलिस के सहयोग से शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के बेली रोड स्थित समनपुरा इलाके में छापेमारी की। इस कार्रवाई में GST में भारी गड़बड़ी और वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

​मामले की पूरी जानकारी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शहबाज हैदर और सानिया सुल्तान के रूप में हुई है। असम STF के इंस्पेक्टर प्रभाकर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला 17 करोड़ रुपये के GST घोटाले से जुड़ा है। आरोपियों के खिलाफ असम में FIR दर्ज थी, जिसके आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी असम में एक अलकतरा कंपनी संचालित करते थे और उसी कंपनी के GST रिटर्न और वित्तीय लेनदेन में बड़ा फर्जीवाड़ा किया गया है।

​कानूनी प्रक्रिया जारी

गिरफ्तारी के तुरंत बाद दोनों आरोपियों को अनिवार्य मेडिकल जांच के लिए लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें पटना सिविल कोर्ट में पेश किया जा रहा है ताकि उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाया जा सके। पटना सचिवालय की SDPO-1 डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि फिलहाल असम पुलिस अपनी वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही है और औपचारिकताएं समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

​थाने पर जमा हुई भीड़

जैसे ही गिरफ्तारी की खबर फैली दोनों आरोपियों के परिजन शास्त्री नगर थाने के बाहर पहुंच गए। सूचना पाकर मौके पर स्थानीय लोगों की भी काफी भीड़ जमा हो गई। हंगामे और भीड़ को देखते हुए पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है।
​यह मामला पूरे देश में GST चोरी के खिलाफ चल रही सख्त जांच का हिस्सा माना जा रहा है। असम STF अब इन दोनों से पूछताछ कर इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों और मनी लॉन्ड्रिंग के लिंक की जांच करेगी।