पटना। जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी के पैर में गोली लगी है, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर कुल तीन बदमाशों को दबोच लिया है। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

​जबरन फसल काटने की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

​जानकारी के अनुसार, पंडारक के दियारा क्षेत्र में कुछ हिस्ट्रीशीटर अपराधियों द्वारा किसानों की राई (सरसों) की फसल जबरन काटकर उसकी दमाही (मड़ाई) की जा रही थी। बदमाशों के हथियारबंद होने की पुख्ता सूचना मिलते ही एसटीएफ और पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने भागने के लिए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

​जवाबी फायरिंग में घायल हुआ कुख्यात ‘धीरज’

​पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रणव कुमार उर्फ धीरज नामक अपराधी के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम ने तुरंत घायल बदमाश को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य सहयोगियों को भी खदेड़ कर पकड़ लिया।

​हथियार बरामद, पूछताछ जारी

​पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और कई राउंड कारतूस बरामद किए हैं। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोनों ओर से कुल कितने राउंड गोलियां चलीं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पकड़े गए अपराधियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रहे हैं और उनसे पूछताछ के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस सफल कार्रवाई से इलाके के किसानों ने राहत की सांस ली है।