​पटना। राजधानी के बख्तियारपुर इलाके में पुलिस और एसटीएफ (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। टेकाबिगहा गांव के निकट धोबा पुल के पास स्थित घनी झाड़ियों में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा था। इस छापेमारी में चार अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

​गुप्त सूचना पर एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

​एसटीएफ को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि बख्तियारपुर के टाल इलाके में सुनसान जगह पर हथियार बनाने का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद अपराधी भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने खदेड़कर दबोच लिया।
​गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नालंदा जिले के चिकसौरा निवासी विजय प्रसाद, धनंजय कुमार, सकलदीप प्रसाद और मिथिलेश बिंद के रूप में हुई है। इनमें से सकलदीप प्रसाद का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।

​फोन पर लेते थे ऑर्डर, कस्टमाइज्ड कट्टे की सप्लाई

​पूछताछ में गिरोह की कार्यप्रणाली चौंकाने वाली रही है। यह पांच सदस्यीय गैंग बेहद शातिर तरीके से काम करता था। गिरोह के सदस्य ग्राहकों से फोन पर ऑर्डर लेते थे और उनकी मांग के अनुसार हथियारों का निर्माण करते थे। डिमांड के हिसाब से वे प्रतिदिन चार से पांच अवैध कट्टों का निर्माण कर लेते थे।
​हथियार की गुणवत्ता और उसकी फिनिशिंग के आधार पर इसकी कीमत तय की जाती थी। बट (लकड़ी या स्टील) और ग्राहक की प्रोफाइल के आधार पर एक कट्टा 10 से 15 हजार रुपए में बेचा जाता था। नालंदा, धनरूआ, बख्तियारपुर और पटना के आसपास के क्षेत्रों में यह गिरोह सक्रिय था। पकड़े गए आरोपियों में चिकसौरा के रहने वाले कुशल मिस्त्री शामिल हैं, जो हथियार बनाने में माहिर माने जाते हैं।

​बरामदगी और आगे की जांच

​छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियारों के निर्माण से जुड़ी कई सामग्री बरामद की है। इसमें तीन बेस मशीन, दो निर्मित और तीन अर्धनिर्मित हथियार, एक हैंड ड्रिल मशीन, एक खंडा भाती और तीन कारतूस के खोखे शामिल हैं।
​पुलिस अब इस गिरोह के सरगना की तलाश में जुटी है। साथ ही, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रॉ मटेरियल (कच्चा माल) की सप्लाई कहां से होती थी और अब तक इन्होंने कितने हथियार किन-किन लोगों को बेचे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया जाएगा।