पटना। राजधानी में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नमाजियों का सैलाब उमड़ा। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में नमाज अदा करने के लिए मैदान में एकत्रित हुए। अनुमान के अनुसार गांधी मैदान में लगभग 15 हजार लोगों ने एक साथ नमाज अदा की और मुल्क की सलामती, अमन-चैन और भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगीं। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर त्योहार की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी राज्यवासियों को ईद-उल-अजहा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा का अभेद्य घेरा और सतर्क प्रशासन
बकरीद के अवसर पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गांधी मैदान में नमाजियों के प्रवेश के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। गेट नंबर 5 से 10 तक के माध्यम से लोगों को कड़ी सुरक्षा जांच के बाद मैदान में प्रवेश दिया गया। वहीं वाहनों की पार्किंग के लिए गेट नंबर 9 और 10 को निर्धारित किया गया था।
पूरे मैदान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था
बेहद चाक-चौबंद रही। बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमों ने सुबह से ही सघन जांच अभियान चलाया। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की गई ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत काबू पाया जा सके।
479 स्थानों पर तैनात दंडाधिकारी
शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार संपन्न कराने के लिए डीएम और एसएसपी के संयुक्त आदेश पर व्यापक सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है। पटना जिले के 479 संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) और पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और स्थिति पर पैनी नजर रखने का सख्त निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा फ्लैग मार्च भी निकाला गया।
सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर
त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने साइबर सेल को पूरी तरह सक्रिय रखा है। फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साइबर टीम लगातार नजर रख रही है। जिला प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ बिना किसी रियायत के तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी।
भाईचारे का संदेश
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। नमाज स्थलों और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

