कुंदन कुमार/पटना। आगामी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस चुनावी मुकाबले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पार्टी ने अपने पुराने और अनुभवी चेहरे रेखा कुमारी गुप्ता पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
महागठबंधन की साझा प्रत्याशी होंगी रेखा गुप्ता
इस निर्णय की आधिकारिक घोषणा करते हुए राजद नेता मंगलीलाल मंडल ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। मंडल ने स्पष्ट किया कि रेखा कुमारी गुप्ता केवल राजद की ही नहीं बल्कि संपूर्ण महागठबंधन की अधिकृत उम्मीदवार होंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने वाली और कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय चेहरे के रूप में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई है।
लालू जी की विचारधारा और जनता का आशीर्वाद ही हमारी शक्ति
उम्मीदवारी घोषित होने के बाद प्रतिक्रिया देते हुए रेखा कुमारी गुप्ता ने पार्टी आलाकमान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा पार्टी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगी। मेरे लिए चुनाव का अर्थ केवल जीतना नहीं बल्कि जनता की सेवा है। पिछले चुनाव में भी मुझे जनता का अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला था और इस बार भी मुझे पूर्ण विश्वास है कि बांकीपुर की जनता अपना समर्थन देगी।
विपक्ष की चुनौतियों को दरकिनार करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि उनके सामने कौन है इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने जोर देकर कहा कि लालू प्रसाद यादव की विचारधारा को मानने वाला हर व्यक्ति और महागठबंधन के सभी घटक दल एकजुट होकर उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।
चुनावी समीकरण और संभावनाएं
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बांकीपुर में रेखा कुमारी गुप्ता की दोबारा उम्मीदवारी से राजद ने एक सेफ और अनुभवी विकल्प को चुना है। देखना होगा कि यह चुनावी जंग किस ओर करवट लेती है लेकिन फिलहाल पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

