पटना। राजधानी पटना में चर्चित बंटी यादव अपहरण और हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुख्यात अपराधी रवीश उर्फ बसिया का पटना पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई जिसमें वह घायल हो गया है। गुरुवार की सुबह हुई इस मुठभेड़ में जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH) में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ का घटनाक्रम
घटना गुरुवार तड़के करीब 3 बजे की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी हत्याकांड का वांछित आरोपी रवीश एलएनटी घाट के रास्ते पटना लौट रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर दी। जैसे ही पुलिस की टीम वहां पहुंची, रवीश ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपी द्वारा चलाई गई एक गोली सीधे कोतवाली थाना की सरकारी गाड़ी के बोनट पर जाकर लगी। इस दौरान गाड़ी में सवार थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने तत्काल आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और एक राउंड फायरिंग की, जो रवीश के दाहिने पैर में लगी।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। रवीश पर पटना के विभिन्न थानों में लूट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। बंटी यादव की हत्या के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए छिपता फिर रहा था।
पुलिस ने इस मुठभेड़ को एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा है। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और कई जगहों पर छापेमारी के बाद आखिरकार पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफल रही। वर्तमान में आरोपी का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

