पटना। राजधानी के बिहटा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राघोपुर गांव स्थित एक किराए के मकान में 22 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा अनुपमा कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतका औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और पिछले तीन वर्षों से यहां रहकर निजी कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी कर रही थी।
कल दोपहर से बंद था कमरा
जानकारी के अनुसार, अनुपमा को आखिरी बार कल दोपहर 12 बजे देखा गया था, जिसके बाद से उसका कमरा अंदर से बंद था। जब लंबे समय तक उसके फोन पर की गई कॉल्स का कोई जवाब नहीं मिला, तो स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। रविवार शाम पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर छात्रा का शव बरामद हुआ।
परिजनों का आरोप
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अनुपमा के पिता अशोक सिंह ने पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि कल सुबह 10 बजे ही उनकी बड़ी बेटी से अनुपमा की बात हुई थी, तब वह बिल्कुल सामान्य थी। पिता का कहना है कि उनकी बेटी बहुत बहादुर और पढ़ाई में तेज थी, वह आत्महत्या जैसा कदम कभी नहीं उठा सकती। मकान मालिक राम अयोध्या सिंह ने भी छात्रा के व्यवहार की सराहना करते हुए मामले को संदिग्ध बताया है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, मोबाइल जब्त
घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना से FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को बुलाया गया है, जिसने कमरे से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसकी कॉल डिटेल्स और चैट खंगाली जा रही हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

