पटना। बिहार की राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के पंप हाउस के पास का है, जहां देर शाम बेखौफ बदमाशों ने एक प्रमुख छड़-गिट्टी व्यवसायी को निशाना बनाया। अपराधियों ने व्यवसायी पर उनके अपार्टमेंट की सीढ़ियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ऑफिस से लौटते समय हुआ हमला
घायल व्यवसायी की पहचान 40 वर्षीय दिलीप कुमार के रूप में हुई है। दिलीप एमपी इंजीकॉन नाम की कंपनी के मालिक हैं, जिसका दफ्तर बोरिंग रोड चौराहा स्थित कुमार टावर में है। उनकी कंपनी एसपी सिंगला जैसी बड़ी निर्माण कंपनियों को निर्माण सामग्री की सप्लाई करती है। वारदात उस वक्त हुई जब दिलीप अपने दफ्तर से काम खत्म कर घर लौट रहे थे।
सीढ़ियों पर घात लगाकर बैठे थे बदमाश
हमलावरों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस घटना को अंजाम दिया। जैसे ही दिलीप अपने अपार्टमेंट की सीढ़ियों पर चढ़े, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। भागते समय बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए घर के सामने करकट पर तीन राउंड अतिरिक्त फायरिंग की और हेलमेट लेकर अटल पथ की ओर फरार हो गए।
रुबन अस्पताल में भर्ती, श्याम रजक पहुंचे
गंभीर स्थिति में दिलीप कुमार को पाटलिपुत्र स्थित रुबन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है। घायल दिलीप पूर्व मंत्री और जदयू नेता श्याम रजक के करीबी मित्र बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही श्याम रजक उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे।
पुलिस जांच में जुटी
इस वारदात के बाद शास्त्री नगर इलाके में सन्नाटा पसर गया है। डर के मारे लोगों ने अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर ली हैं। सूचना मिलते ही DIU की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

