पटना। राजधानी के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसल्लहपुर हाट में बुधवार की देर रात पैसे के लेनदेन ने हिंसक रूप ले लिया। बकाया राशि को लेकर हुए विवाद में एक कबाड़ी कारोबारी ने दो सगे भाइयों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में आलू-प्याज व्यवसायी सोनू कुमार (35) की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई आकाश (21) पीएमसीएच में जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है।
मारपीट का बदला लेने के लिए मारी गोली
पुलिस गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी विकास कुमार ने बताया कि उसका पैसा सोनू के पास बकाया था। जब वह तकादा करने पहुंचा, तो दोनों भाइयों ने उसके साथ मारपीट की। इसी अपमान का बदला लेने के लिए विकास अपने साथियों के साथ वापस लौटा और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं।
आरोपी गिरफ्तार, इलाके में दहशत
वारदात के बाद सिटी एसपी पूर्वी, परिचय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया गया है। एफएसएल (FSL) की टीम ने भी मौके से नमूने इकट्ठा किए हैं। आरोपी इसी इलाके का रहने वाला है और कबाड़ का काम करता है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
मुसल्लहपुर हाट जैसे व्यस्त व्यापारिक केंद्र में हुई इस गोलीबारी से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय है। लोगों का कहना है कि छोटी बातों पर असलहे निकलना पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


