दनियावां/पटना। जिले के दनियावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दनियावां बाजार में रविवार देर रात शातिर चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात अपराधियों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर एक नामी मोबाइल शोरूम और उसके गोदाम को अपना निशाना बनाया। इस घटना में करीब 40 लाख रुपये के कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

​घटना का विवरण

​चोरी की यह वारदात दनियावां बाजार में एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गैलेक्सी टावर में संचालित नेहा मोबाइल कॉर्नर में हुई। दुकान के मालिक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वे हमेशा की तरह रविवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद करके घर गए थे। सोमवार की सुबह जब उन्हें सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे। दुकान का शटर और लोहे की ग्रिल गैस कटर से कटी हुई देखकर वे दंग रह गए।

​क्या-क्या हुआ चोरी?

​पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोरों ने पूरी तैयारी के साथ दुकान में प्रवेश किया था। तिजोरी को तोड़कर उसमें रखे 3 लाख 20 हजार रुपये नकद उड़ा लिए गए। इसके अलावा शोरूम और गोदाम से दर्जनों कीमती आईफोन, वीवो के प्रीमियम स्मार्टफोन, 10 पीस एचपी लैपटॉप, एलइडी टीवी और भारी मात्रा में बैटरियां गायब हैं। कुल नुकसान का आकलन लगभग 40 लाख रुपये किया जा रहा है।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फतुहा के एसडीपीओ-2 संजीव कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर माया कुमारी भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया।
​एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि घटना में 4 से 5 अपराधी शामिल थे। पुलिस तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूत्रों के माध्यम से अपराधियों का सुराग लगा रही है। उन्होंने कहा कि कई टीमें छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर चोरी हुए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।
​इलाके में इतनी बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस फिलहाल आसपास के तमाम सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि अपराधियों का रूट पता चल सके।