पटना। शहर के राजीव नगर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक डॉक्टर को रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 2.03 करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित डॉक्टर की पत्नी कविता देवी के लिखित बयान पर राजीव नगर थाने में मुख्य आरोपी महिला और उसके पति समेत अन्य सहयोगियों के खिलाफ 8 अगस्त को एफआईआर दर्ज की गई है। इस पूरी घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
दोस्ती से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
पुलिस को दिए गए आवेदन के मुताबिक, साल 2024 में मुजफ्फरपुर की रहने वाली एक कोचिंग संचालिका चांदनी और उसके पति निखिल से डॉक्टर विनोद कुमार की दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। आरोपी महिला ने अपनी मां की बीमारी का हवाला देकर डॉक्टर से पहले 20,000 रुपये की मदद मांगी, जिसे डॉक्टर ने मानवीय दृष्टिकोण से दे दिया। इसके बाद से ही आरोपी लगातार पैसों की मांग करने लगे।
रेप केस में फंसाकर बर्बाद कर देंगे
शुरुआती दौर में 4 से 5 लाख रुपये देने के बाद जब डॉक्टर ने और पैसे देने से असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया। चांदनी ने मिठनपुरा में कोचिंग खोलने के नाम पर 10 लाख रुपये और ऐंठ लिए। इसके बाद नवंबर 2025 में मुशहरी स्थित कार्यालय के पास बुलाकर एक ‘सेल्फी फोटो’ को आधार बनाते हुए डॉक्टर को धमकी दी गई कि यदि लगातार पैसे नहीं दिए, तो उन्हें दुष्कर्म के झूठे केस में जेल भेज दिया जाएगा, जिससे उनकी नौकरी और सामाजिक प्रतिष्ठा दोनों मिट्टी में मिल जाएगी।
1.32 करोड़ का लीगल डिक्लेरेशन और सुसाइड की धमकी
दबाव इस कदर बढ़ा कि दिसंबर 2025 में आरोपियों ने 1000 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर एक लीगल डिक्लेरेशन भी बनवा लिया, जिसमें उस समय तक दिए गए 1,32,64,960 रुपये का जिक्र था। इसके बावजूद आरोपियों की भूख शांत नहीं हुई। महिला ने आत्महत्या करने और डॉक्टर को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पर्सनल बैंक लोन, जीपीएफ (GPF) और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर लगभग 58 लाख रुपये और वसूल लिए। 5 जुलाई 2026 को अंतिम बार 10 लाख रुपये की और मांग की गई, जिसके बाद तंग आकर डॉक्टर के परिवार ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
मुजफ्फरपुर में सक्रिय है हनी ट्रैप का संगठित गिरोह
पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो हनी ट्रैप के जरिए सीधे-साधे और प्रतिष्ठित लोगों को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करता है। हाल ही में मुजफ्फरपुर में एक बड़े होटल कारोबारी को भी इसी तरह के हनी ट्रैप गैंग ने शिकार बनाया था, जहां कारोबारी से 97 लाख रुपये ठगे गए थे। फिलहाल, राजीव नगर पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।


