कुंदन कुमार/ पटना। शहर के अशोक राजपथ इलाके में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लालबाग में किराए के मकान में रह रहे एक दंपती पर अपराधियों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला किया, जिसमें पति की मौत हो गई।
सुबह 7 बजे घर में घुसा हमलावर
घटना उस समय की है जब 30 वर्षीय मोहम्मद नवाज आलम और उनकी पत्नी नाजिया परवीन अपने कमरे में सो रहे थे। अचानक एक युवक चाकू लेकर कमरे में दाखिल हुआ। नाजिया के अनुसार, हमलावर ने नवाज की छाती पर बैठकर बेरहमी से उनका गला रेत दिया। नवाज पटना के एक मॉल में सेल्समैन के तौर पर कार्यरत थे।
पत्नी का साहसी संघर्ष, फिर भी भाग निकला आरोपी
घायल नाजिया ने बताया कि उसने अपनी बच्ची को बचाते हुए हमलावर को पकड़ने की पूरी कोशिश की। करीब 5 मिनट तक वह अकेले उस अपराधी से जूझती रहीं और शोर मचाती रहीं। भागने के दौरान हमलावर ने नाजिया की गर्दन और हाथ पर भी चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। नाजिया के मुताबिक, हमलावर की उम्र महज 16 से 18 साल के बीच रही होगी।
पड़ोसियों ने देखा खून से लथपथ कमरा
सुबह जब पड़ोसी नीचे जाने के लिए निकले, तो उन्होंने नवाज के दरवाजे पर खून फैला देखा। अंदर नवाज का शव पड़ा था और नाजिया तड़प रही थीं। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और नाजिया को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चोरी या रंजिश? पुलिस कर रही जांच
घटनास्थल पर पहुंची FSL की टीम साक्ष्य जुटा रही है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़िता की मां का कहना है कि यह वारदात मोबाइल चोरी के विरोध के दौरान हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस हत्या और लूट समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। SI मोहम्मद इजहार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

