कुंदन कुमार, पटना। सावन का तीसरा सोमवार बिहार के लिए काल साबित हो रहा है। एक तरफ जहां लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़ मचने से 7 कांवरियों की मौत हो गई। वहीं, राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल में गंगा नदी में नहाने के दौरान 7 बच्चियों के डूबने की खबर है, जिसमें से 3 बच्चियों को स्थानीय लोगों ने किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया और उनकी जान बच गई। हालांकि 2 बच्चियों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अभी भी लापता बताई जा रही हैं।

2 बच्चियों का शव मिला, 2 की तलाश जारी

घटना रानीसराय गंगा घाट की है, जहां आज सोमवार व नाग पंचमी के त्योहार पर नहाने और पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंची हुई थी। इसी दौरान नहाने के क्रम में 7 बच्चियां नदी की तेज धारा में बहने लगी। बच्चियों को नदी में डूबता देख घाट पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घाट पर मौजूद कुछ लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर 3 बच्चियों को डूबने से बचा लिया, जबकि दो की मौत हो गई। वहीं, दो अभी भी लापता है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

ग्रामीणों के मुताबिक, सावन के तीसरे सोमवार को रानीसराय की 7 बच्चियां गंगा घाट पर स्नान करने पहुंची थीं। स्नान करते समय दो सगी बहनें अचानक नदी की तेज धारा में बहने लगीं। दोनों को डूबता देख बाकी की बच्चियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा की चपेट में आने से वह भी नदी में डूबने लगी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। साथ ही इलाके में तनाव व गम का माहौल बना हुआ है।

लापता बच्चियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है। वहीं, SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की निगरानी में लापता बच्चियों की तलाश जारी है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-बाढ़ NH-31 को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने गंगा घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

ये भी पढ़ें- बिहार के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 कांवरियों की मौत, एक दर्जन से अधिक लोग घायल