कुंदन कुमार/पटना: राजधानी के व्यस्तम इलाकों में शुमार कदमकुआं थाना क्षेत्र के वैशाली गोलंबर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े HDFC बैंक के बाहर कैश वैन को लूटने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण एक शातिर अपराधी को हथियार के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
दोपहर की ‘सुनसान’ योजना का हुआ पर्दाफाश
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि गिरोह ने इस वारदात के लिए दोपहर का समय चुना था। उनकी योजना के मुताबिक, दोपहर में चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रहती है, जिससे लूट के बाद भागने में काफी आसानी होती है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वे पूरी प्लानिंग के साथ बैंक पर पहुंचे थे।

गार्ड और स्थानीय लोगों की बहादुरी से नाकाम हुई साजिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बैंक के सामने कैश वैन आकर रुकी और सुरक्षा गार्ड कैश बॉक्स लेकर अंदर जाने लगे, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने बॉक्स छीनने की कोशिश की। इसी दौरान गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए अपना हथियार तान दिया और शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आरोपी को घेर लिया और दबोच लिया।
झोले में छिपाकर लाया था देसी कट्टा
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं। उसने बताया कि वह नौबतपुर का रहने वाला है। हैरत की बात यह है कि आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि उसे “खिला-पिलाकर” इस वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था। कदमकुआं थाना अध्यक्ष जन्मेजय राय ने पुष्टि की है कि तीन अपराधी एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे, जिनमें से एक पकड़ा गया है।


फरार साथियों की तलाश में छापेमारी जारी
टाउन डीएसपी-1 के नेतृत्व में पुलिस की टीम गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। उसकी निशानदेही पर फरार हुए दो अन्य साथियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन अब इस घटना के पीछे के पूरे नेटवर्क और आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि को खंगालने में जुटा है। बैंक के बाहर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

