पटना/दनियावां: बिहार की राजधानी से सटे दनियावां इलाके में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां ‘ड्रीमलैंड स्कूल एवं हॉस्टल’ में एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे को महज एक बिस्कुट खाने के कारण अमानवीय यातना का शिकार होना पड़ा। हॉस्टल संचालक और उसकी पत्नी पर आरोप है कि उन्होंने भूख से तड़पते बच्चे को गर्म कलछी से दाग दिया।
भूख की सजा बनी क्रूरता
घटना बुधवार देर रात की है। पीड़ित छात्र अभिराज कुमार (8 वर्ष), जो फरीदपुर बाजार स्थित इस निजी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है, उसे रात में भूख महसूस हुई। मासूम ने संचालक के कमरे में रखा एक बिस्कुट उठा कर खा लिया। यह बात संचालक उमेश राय और उसकी पत्नी चंदा देवी को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने अपनी इंसानियत ताक पर रख दी। आरोप है कि उमेश राय ने रसोई से कलछी को आग पर लाल होने तक गर्म किया और अपनी पत्नी को सौंप दिया, जिसने बेरहमी से मासूम अभिराज के गाल को दाग दिया।
चिल्लाता रहा मासूम, नहीं पसीजा दिल
अभिराज ने सिसकते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि जलने के बाद वह दर्द से तड़पता और चिल्लाता रहा, लेकिन संचालक दंपत्ति का दिल नहीं पसीजा। उसे चुप कराने के लिए बुरी तरह पीटा भी गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। जुल्म की हद तो तब हो गई जब घायल बच्चे को उसके माता-पिता से संपर्क करने तक नहीं दिया गया और उसे डरा-धमका कर चुप करा दिया गया।
हॉस्टल के बच्चों ने दी सूचना
इस बर्बरता का खुलासा तब हुआ जब हॉस्टल में रहने वाले अन्य बच्चों ने चोरी-छिपे इसकी जानकारी अभिराज की मां को दी। खबर मिलते ही गुरुवार दोपहर मां हॉस्टल पहुंची और अपने लाडले के झुलसे हुए चेहरे और सहमी हुई आंखों को देख दंग रह गईं। तुरंत परिजनों ने बच्चे को वहां से निकाला और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस की कार्रवाई और आक्रोश
पीड़ित के पिता मानतीश कुमार की शिकायत पर दनियावां पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष अनिल प्रसाद ने बताया कि बच्चे की इंजरी रिपोर्ट तैयार कर उसे अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल मासूम का इलाज अस्पताल में चल रहा है, लेकिन वह गहरे सदमे में है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

