विजय कुमार, जमुई। रेल मंत्रालय द्वारा पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव जमुई रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित किए जाने के बाद आज शुक्रवार (15 मई) को इस ऐतिहासिक पहल का शुभारंभ किया गया। उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह पटना से पटना–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार होकर जमुई रेलवे स्टेशन पहुंचीं तथा वहां से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी द्वारा ईंधन बचत को लेकर की गई अपील का समर्थन भी किया।
जमुई रेलवे स्टेशन पर रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
आज से हावड़ा–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का जमुई रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव प्रारंभ किया गया। यह ठहराव जमुई एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विकास एवं आवागमन को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर जमुई सांसद अरुण भारती समेत बीजेपी और लोजपा आर के कई नेता और अधिकारी मौजूद थे।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगी नई मजबूती- श्रेयसी सिंह
इस मौके पर श्रेयसी सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार में बिहार लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव से जमुई एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि, यह सुविधा विशेष रूप से छात्रों, व्यवसायियों, नौकरीपेशा लोगों एवं आम यात्रियों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगी।
पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का समय-सारणी
हावड़ा जाने के क्रम में ट्रेन संख्या 22348 पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 9:49 बजे जमुई स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद जसीडीह, जामताड़ा, आसनसोल और दुर्गापुर होते हुए दोपहर 2:35 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 22347 हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस रात 8:06 बजे जमुई स्टेशन पहुचेगी। इसके बाद लखीसराय, मोकामा, बख्तियारपुर और पटना साहिब में रुकते हुए रात 10:40 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। इस नई सुविधा से जमुई से हावड़ा का सफर अब करीब 5 घंटे में पूरा होगा, जबकि पटना तक की दूरी लगभग ढाई घंटे में तय की जा सकेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और सफर अधिक आरामदायक होगा।
ये भी पढ़ें- ‘आवाज दो’ अभियान के तहत सारण में SSP का बड़ा ऑपरेशन, 20 नाबालिग मुक्त, 11 आरोपी गिरफ्तार

