पटना। सोशल मीडिया के दौर में सावधानी न बरतना कितनी बड़ी मुसीबत बन सकता है इसका एक ताजा मामला पटना से सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती का फायदा उठाकर एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पटना महिला थाने में आरोपी युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता जो पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र की निवासी है ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हर्ष राज नामक युवक से हुई थी। सकसोहरा निवासी हर्ष राज के साथ बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी का सपना दिखाया और इसी विश्वास में वह उसके करीब आती गई।
होटल में बुलाकर किया यौन शोषण
शिकायत के अनुसार आरोपी हर्ष राज इस वर्ष 14 जनवरी 17 फरवरी 5 अप्रैल और 4 मई को पटना आया। पीड़िता ने बताया कि हर बार आरोपी उसे बोरिंग रोड स्थित एक निजी होटल में ले जाता था। वहां शादी करने का पक्का वादा कर आरोपी ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी युवती ने विरोध जताया, तो आरोपी उसे जल्द ही शादी के बंधन में बंधने का भरोसा देकर शांत करा देता था।
शादी से इनकार और जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने जब आरोपी पर शादी की तारीख तय करने का दबाव बनाया तो उसका असली चेहरा सामने आ गया। आरोपी ने न केवल शादी से साफ इनकार कर दिया बल्कि यह भी कहा कि वह केवल उसका शारीरिक इस्तेमाल कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। थक-हारकर पीड़िता ने आरोपी के परिजनों से भी गुहार लगाई, लेकिन वहां से भी उसे मायूसी ही हाथ लगी।
पुलिस जांच में जुटी
अंततः न्याय के लिए पीड़िता ने महिला थाना का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने युवती के बयान पर आरोपी हर्ष राज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला थाना अध्यक्ष का कहना है कि शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। होटल के रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

