पटना। शहर के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने जेडीयू विधायक श्याम रजक के करीबी कारोबारी दिलीप कुमार (40) पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने जीएस इंक्लेव अपार्टमेंट के भीतर घात लगाकर दिलीप पर 5 राउंड फायरिंग की। एक गोली उनके पेट में लगी है, जबकि दूसरी हाथ को छूकर निकल गई। फिलहाल, घायल कारोबारी का इलाज रुबान अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
CCTV में कैद वारदात: सीढ़ियों पर छिपे थे शूटर
घटना का 2 मिनट 5 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। फुटेज में दो बदमाश हेलमेट पहनकर अपार्टमेंट की सीढ़ियों के पास छिपे दिख रहे हैं। जैसे ही रात करीब 9:30 बजे दिलीप अपने दफ्तर से लौटकर सीढ़ियां चढ़ने लगे, एक बदमाश ने उन्हें पीछे से टोकते हुए आवाज दी। दिलीप जैसे ही मुड़े, बदमाशों ने उन पर फायरिंग झोंक दी। पहली गोली पेट में लगते ही दिलीप जान बचाने के लिए ऊपर की ओर भागे, लेकिन अपराधी पीछा करते हुए गोलियां बरसाते रहे।
विधायक श्याम रजक पहुंचे अस्पताल
दिलीप कुमार एमपी इंजिकॉन नामक कंपनी के संचालक हैं और जेडीयू विधायक श्याम रजक के बेहद करीबी माने जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही विधायक खुद अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। दिलीप की कंपनी बोरिंग रोड से संचालित होती है और एसपी सिंगला जैसी बड़ी निर्माण कंपनियों को छड़-गिट्टी जैसे कंस्ट्रक्शन मैटेरियल की सप्लाई करती है। उनके पार्टनर रवि कुमार ने बताया कि वे काम खत्म कर रोज की तरह घर लौट रहे थे, तभी यह हमला हुआ।
लेनदेन का विवाद या गहरी साजिश?
पुलिस इस हमले के पीछे कारोबारी रंजिश और पैसों के लेनदेन को मुख्य वजह मान रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ बिल्डरों के साथ दिलीप का बकाया भुगतान को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस की टीमें इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही हैं। शास्त्रीनगर थाना पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के मनोबल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

