चंकी बाजपेयी, इंदौर। भारत में बढ़ते सोने के भाव का असर इंदौर के प्राचीन मंदिर पर भी पड़ा है। दरअसल, खजराना श्री गणेश मंदिर में पांच स्वर्ण मुकुट बनने थे, लेकिन कीमत बढ़ने की वजह से दानदाताओं का रुझान कम हो गया है। मंदिर प्रशासन दानदाताओं से आग्रह कर कार्य को पूरा करने का प्रयास करेगा।
इंदौर के प्रसिद्ध खजराना मंदिर के लिए पांच स्वर्ण मुकुट बनने थे। इसके लिए जिला और मंदिर प्रशासन की ओर से समिति भी बनाई गई थी। लेकिन सोने का रेट बढ़ने की वजह से काम में रुकावट आई है। खजराना श्री गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक भट्ट ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री गणेश मंदिर खजराना में स्वर्ण मुकुट बनने वाले थे, इसके लिए समिति बना दी गई थी। उस समय जब प्रक्रिया चालू हुई थी तब सोने की कीमत 65 से 70 हजार रुपये तोला थी। अब लगभग डेढ़ लाख रुपये के आसपास पहुंच गया है। इसकी वजह से इसमें रुकावट आई है।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि मुकुट का डेमो बन गया था। लेकिन सोने का भाव बढ़ने के कारण काम रुका हुआ है। मंदिर के लिए पांच मुकुट बनना था। जिसमें गणेश जी महाराज का 7 किलो का मुकुट बनना था। मंदिर प्रबंधन समिति के बाद अभी लगभग 5 किलो सोना है। इसके कारण इसमें थोड़ी देर हो रही है। हम दानदाताओं से फिर अपील करेंगे कि स्वर्ण दान मिले, इसके बाद फिर से यह प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इस पर विचार मंथन किया जाएगा।


