कुंदन कुमार, पटना। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद गैरकानूनी धंधे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। खास तौर पर इस अवैध कारोबार में महिलाओं के शामिल होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में पटना एक्साइज डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना जंक्शन से तीन महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ कुल 15 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है।
पटना जंक्शन पर एक्साइज डिपार्टमेंट का एक्शन
एक्साइज डिपार्टमेंट को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन के रास्ते बड़े पैमाने पर शराब की खेप लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर टीम ने पटना जंक्शन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान तीन महिलाओं को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इस पूरे अभियान में अलग-अलग जगहों से कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बरामद शराब और उसकी कीमत
विभाग के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल 500 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। जब्त की गई शराब की बाजारू कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब का मिलना यह साबित करता है कि तस्कर कानून से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, जिसमें अब महिलाओं को भी आगे किया जा रहा है।
महिला तस्करों का बढ़ता शामिल होना
कुछ दिन पहले भी ऐसी तस्वीरें सामने आई थीं जिसमें ट्रेन के जरिए शराब की तस्करी करते हुए महिलाएं पकड़ी गई थी। एक समय जब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के आग्रह पर ही बिहार में शराबबंदी कानून लागू किया था, तब यह उम्मीद की गई थी कि इससे सामाजिक सुधार होगा। मगर अब इस कारोबार में महिलाओं का उतरना कानून-व्यवस्था के लिए एक नई चुनौती बन गया है।
फिलहाल, एक्साइज डिपार्टमेंट सभी 15 आरोपियों से पूछताछ कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस सिंडिकेट का मुखिया कौन है और यह शराब कहां से लाई जा रही थी। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

