पटना। राजधानी के पॉश इलाके कंकड़बाग में बेखौफ चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। पीपुल्स कोऑपरेटिव कॉलोनी (F-सेक्टर, मकान संख्या-134) में होली की छुट्टियों का फायदा उठाकर चोरों ने तीन फ्लैटों के ताले तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह मकान रिटायर्ड कर्नल जनार्दन प्रसाद का है, जो फिलहाल बेंगलुरु में रहते हैं।

​सूने मकान को बनाया निशाना

​घटना उस वक्त हुई जब मकान में रहने वाले किराएदार होली मनाने अपने गांव गए हुए थे। पीड़ितों में महावीर नेत्रालय के डॉक्टर अविनाश और यूपीएससी अभ्यर्थी अमित कुमार का परिवार शामिल है। शुक्रवार सुबह जब लोग वापस लौटे, तो घर का मंजर देखकर दंग रह गए- दरवाजों के ताले टूटे थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।

​CCTV में दिखे रॉड से लैस तीन चोर

​पुलिस को मिली सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं। तड़के करीब 3 बजे बाइक पर सवार होकर आए इन चोरों में से एक के हाथ में लोहे की रॉड थी और उसने पहचान छिपाने के लिए सिर पर गमछा बांध रखा था। डॉक्टर अविनाश के साले अटल बिहारी ने बताया कि उनका परिवार नवादा गया हुआ था और पीछे से चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना मिलते ही सदर एएसपी अभिनव कुमार और स्थानीय पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी के आधार पर 15-20 संदिग्धों की सूची तैयार की गई है। टेक्निकल इनपुट की मदद से चोरों की बाइक का नंबर ट्रेस किया जा रहा है और परिजनों से भी पूछताछ जारी है।