कुंदन कुमार, पटना। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, एसआईआर और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर सीपीआई, सीपीएम और माले के कार्यकर्ताओं ने आज सोमवार को पटना में विरोध मार्च निकाला। यह मार्च गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से सुबह 11 बजे शुरू होकर लोकभवन के लिए आगे की ओर बढ़ा। हालांकि जैसे ही मार्च जेपी गोलंबर के पास पहुंचा, वहां सुरक्षा में पहले से तैनात पुलिसकर्मियों ने मार्च को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की-फुल्की झड़प भी देखने को मिली।

प्रदर्शन कर रहे वाम दल कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान उनके हाथों में ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे बैनर और पोस्टर भी नजर आए।

कार्यकर्ताओं ने तोड़ी बैरिकेंडिंग, धक्का-मुक्की

प्रदर्शनकारियों ने जेपी गोलंबर के पास पटना पुलिस द्वारा उन्हें रोकने के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इसके बाद वे डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ने लगे। इसके बाद भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ देर के लिए मौके पर तनाव का माहौल बना रहा।

पीएम मोदी और सीएम सम्राट के खिलाफ नारेबाजी

इस दौरान प्रदर्शन में शामिल वाम दलों के कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी और सीएम सम्राट चौधरी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि , सरकार उनके आवाजों को दबाने की कोशिश कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने यह आरोप लगाया कि, पुलिस उनके खिलाफ जान बूझकर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई करना चाहती है। लेकिन वे अपनी आवाज को किसी भी हालत में दबने नहीं देंगे। लोकतांत्रिक तरीके से वह अपनी मांगों को उठाते रहेंगे।

ये भी पढ़ें- इस्तीफा देने के लिए किस शुभ मुहूर्त का इंतजार?, चिराग के ‘शर्म’ वाले बयान पर रोहिणी का पलटवार