पटना। राजधानी के पीरबहोर थाना अंतर्गत मखनियाकुआं इलाके में सोमवार की सुबह शॉर्ट-सर्किट के कारण एक बिजली के पोल में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसने देखते ही देखते बगल में खड़ी दो मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर आसपास के हॉस्टलों और घरों को खाली कराना पड़ा।
चिंगारी से भड़की आग, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय बिजली के तारों के आपस में टकराने से अचानक जोरदार चिंगारी निकली। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे पोल को घेर लिया। मुरादपुर मस्जिद के मौलाना अबरार अहमद सुबहानी ने बताया कि वे उसी समय वहां से गुजर रहे थे, जब उन्होंने चिंगारी निकलते और आग फैलते देखा। आग की तपिश इतनी तेज थी कि पास में पार्क की गई दो बाइकें भी इसकी भेंट चढ़ गईं।
आग की लपटों को देख हॉस्टल में रह रहे छात्रों और स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने और घरों से कीमती सामान बाहर निकालने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
मकानों को भी हुआ नुकसान
पीरबहोर थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग की प्रचंड लपटों के कारण आसपास के एक-दो मकानों को हल्की क्षति पहुंची है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ही आए दिन ऐसे हादसे होते हैं। यदि दमकल की गाड़ियां कुछ मिनट और देर से आतीं, तो आग विकराल रूप धारण कर सकती थी और आसपास के दर्जनों घरों को चपेट में ले सकती थी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।

