पटना। राजधानी पटना के मसौढ़ी में शुक्रवार शाम किडनैपिंग के मामले में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान मसौढ़ी थाने के अपर थानेदार राहुल कुमार और ASI संजय कुमार को अपराधियों की गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक अपराधी हैदर को मार गिराया।
क्या है पूरा मामला?
घटना शुक्रवार शाम करीब 7:15 बजे मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मणिचक तालाब के पास हुई। पीड़ित रंजन कुमार जो एक साइबर कैफे चलाता है, उसे OLX पर मोबाइल खरीद-बिक्री के बहाने अपराधियों ने सुनसान इलाके में बुलाया था। वहां कार सवार 6 हथियारबंद अपराधियों ने रंजन को अगवा कर लिया, मारपीट की और उसका कैश व मोबाइल लूट लिया। स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो अपराधियों ने उन्हें धमकी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और अपराधियों के बीच चलीं गोलियां
सूचना मिलते ही अपर थानेदार राहुल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। करीब 12 राउंड चली इस मुठभेड़ में अपर थानेदार राहुल कुमार को पैर और हाथ में दो गोलियां लगीं जबकि ASI संजय कुमार के हाथ में भी गोली लगी। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां वे खतरे से बाहर हैं।
मुठभेड़ में अपराधी हैदर की मौत
पुलिस की जवाबी फायरिंग में अपराधी हैदर को गोली लगी। उसके साथी उसे लेकर पहले पुनपुन स्वास्थ्य केंद्र, फिर PMCH और अंत में मैक्स अस्पताल पहुंचे जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अपराधी हैदर का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था।
पटना पूर्वी के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि घटना में शामिल 4 से 6 अपराधियों की पहचान कर ली गई है और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद की है। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और फरार अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी की जा रही है।

